ब्रेन एन्यूरिज्म: अचानक तेज सिरदर्द को न करें नजरअंदाज, समय पर इलाज से बच सकती है जान
ब्रेन एन्यूरिज्म दिमाग की नस में होने वाली एक गंभीर समस्या है। इसमें दिमाग की किसी खून की नस की दीवार कमजोर होकर गुब्बारे की तरह फूल जाती है। कई बार इसके लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन अगर यह फट जाए, तो दिमाग के आसपास खून बहने लगता है। ऐसी स्थिति जानलेवा हो सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत होती है।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत के न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रिंसिपल डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) वी.के. जैन ने बताया कि “ब्रेन एन्यूरिज्म फटने पर अचानक बहुत तेज सिरदर्द हो सकता है। मरीज को उल्टी, बेहोशी या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी भी महसूस हो सकती है। ऐसा सिरदर्द, जो पहले कभी महसूस न हुआ हो, नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।”
कई मरीजों में एन्यूरिज्म बिना किसी लक्षण के रहता है। हालांकि, इसके आकार बढ़ने पर आंखों के पीछे दर्द, नजर कमजोर होना, पलक झुकना और चलने में संतुलन बिगड़ना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसकी पहचान के लिए डॉक्टर सीटी स्कैन और जरूरत पड़ने पर दिमाग की नसों की विशेष जांच करते हैं।
डॉ. जैन के अनुसार, इलाज का चुनाव एन्यूरिज्म के आकार, जगह और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। कुछ मामलों में सर्जरी करके नस के फूले हुए हिस्से पर छोटी क्लिप लगाई जाती है, जिससे उसमें खून का बहाव रुक सके। वहीं, एंडोवैस्कुलर कॉइलिंग में नस के रास्ते एक पतली ट्यूब पहुंचाकर एन्यूरिज्म के अंदर छोटी कॉइल डाली जाती हैं। कुछ मरीजों में विशेष स्टेंट की मदद से भी इलाज किया जाता है।
एन्यूरिज्म फटने के बाद इलाज के बावजूद दिमाग की नसों में सिकुड़न या दिमाग में पानी जमा होने जैसी जटिलताएं हो सकती हैं। इसलिए मरीज की लगातार निगरानी जरूरी होती है।
ब्रेन एन्यूरिज्म में समय पर पहचान और सही इलाज बेहद महत्वपूर्ण है। अचानक तेज सिरदर्द, उल्टी या बेहोशी होने पर तुरंत इमरजेंसी में पहुंचें। देरी मरीज के लिए खतरनाक हो सकती है।